छेड़छाड़ करने वालों की खैर नहीं, जयपुर पुलिस सतर्क है..

बिंदास बोल @ जयपुर : पुलिस उपायुक्त मेट्रो ऋचा तोमर ने बताया कि छेड़छाड़ करने वालों की अब खैर नहीं है जयपुर पुलिस सतर्क है।जयपुर कमिश्नरेट द्वारा चलाये जा रहे "ऑपरेशन सेफर व्हील्स "अभियान के तहत निर्भया स्क्वॉड टीम ने सार्वजनिक परिवहन के साधनों बसों, मिनी बसों, ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा में महिलाओं एवं लड़कियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8764868200  और 7300363636 के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं लड़कियों में सुरक्षा की भावना जाग्रत करना है। महिलाएं आवश्यक कामकाज के लिए घर से बाहर निकल कर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करती है वहाँ महिलाएं अपने आपको सुरक्षित महसूस करें। साथ ही पुरुषों एवं लड़कों में महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव पैदा करना है। उन्होंने बताया कि निर्भया स्क्वॉड टीम ने सार्वजनिक परिवहन के साधनों में महिला हेल्पलाइन नंबर से संबंधित पोस्टर एवं स्टीकर लगाये।महिलाओं को मौखिक रूप से जानकारी देकर जागरूक किया गया। बसों में वाहन चालकों एवं परिचालकों को महिलाओं की सुरक्षा करने के लिए शपथ भी दिलाई गई।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं निर्भया स्क्वॉड टीम की नोडल अधिकारी सुनीता मीना ने बताया कि शनिवार को 330 बसों, 70 ऑटोरिक्शाओं में 2475 महिलाओं एवं पुरुषों को समझाइश कर जागरूक किया गया। जयपुर शहर के विभिन्न स्थानों से निर्भया स्क्वॉड टीम की दो-दो सदस्यों को बसों में भेजा गया। वहां महिलाओं को उनके साथ होने वाली छेड़छाड़ की जानकारी के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया गया और कहा कि इसमें आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी। महिलाएं घबराएं नहीं, जयपुर पुलिस हमेशा आपके साथ है।

Comments