तिलोनिया के स्वर्ण जयंती उत्सव का शुभारंभ

जवाहर कला केंद्र में फोटोग्राफर पाबलो बाथोलोम्यू द्वारा SWRC / बेयरफुट कॉलेज, तिलोनिया की 50 साल की झलक, तस्वीरों की प्रदर्शनी : विधायक भरत सिंह द्वारा उदघाटन*


*तिलोनिया बाज़ार का उदघाटन  शिल्पग्राम में किया गया*


*22 अप्रेल 2022 को शाम 6.30 बजे से SWRC / बेयरफुट कॉलेज, तिलोनिया की 50 साल की कहानी फड द्वारा :- मुख्य अतिथि – श्रीमान अशोक गहलोत, मुख्य मंत्री राजस्थान


बिंदास बोल @ जयपुर: जवाहर कला केंद्र में बेयरफुट कॉलेज, तिलोनिया के 50 वर्षों के उत्सव का समारोह 21 अप्रैल 2022 से प्रारम्भ हुआ। पहले दिन के कार्यक्रम की शुरुआत चर्चित फोटोग्राफर पाबलो बाथोलोम्यू द्वारा संकलित फ़ोटोग्राफ़ प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई। तिलोनिया के शुरुआती सालों को दर्शाती इस प्रदर्शिनी में पाबलो के अलावा जाने-माने फ़ोटोग्राफ़्रर सुनील गुप्ता और संदीप शंकर की ली हुई तस्वीरें भी हैं। प्रदर्शनी का उद्घाटन विधायक व पूर्व ग्रामीण और पंचायती राज मंत्री भरत सिंह द्वारा किया गया। 


पाबलो ने बेयरफुट कॉलेज के शुरुआती सफ़र को विभिन्न विषयों के माध्यम से प्रस्तुत किया - जैसे कि “70 के दशक का इंस्टाग्राम”, “तिलोनिया के आस-पास का ग्रामीण जीवन”, “स्वास्थ्य सेवा की पहुँच”, “पवनचक्की 1975”, “कृषि और खेती”, “पशुपालन और दुग्ध सहकारिता” आदि। प्रदर्शनी पर बात करते हुए पाबलो ने कहा, “जब हम तस्वीर लेते हैं तो वो स्वाभाविक से रूप लेते हैं न कि पहले से सोच के। इसीलिए तस्वीर में उभरे पल भी स्वाभाविक होते हैं।” 


फ़ोटो प्रदर्शनी का एक मुख्य आकर्षण पाबलो की 1974-75 में ली हुई एक वृद्घ पुरुष की धागे से मरम्मत किए हुए पुराने चश्मे को पहने हुए तस्वीर है।इस पर पाबलो ने बताया, “इस तस्वीर में एक जज़्बा है कि मौजूदा साधन के प्रयोग से ही किसी चीज़ के टूट जाने पर भी उसको कैसे उपयोगी रखा जा सकता है।” 

आज से ही जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में तिलोनिया बाज़ार का भी आरम्भ हुआ। हथेली संस्थान की उपाध्यक्ष संजीवनी सिंह ने बाज़ार का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, “यह 50 साल का सफ़र बहुत प्रेरणास्पद है विशेषकर इस रूप में कि ग्रामीण महिलाएँ किस तरह से अपने गावों से निकलकर यहाँ तक पहुँची हैं और किस तरह से आत्मविश्वास से आगे बढ़कर आर्थिक रूप से भी सक्षम हुई हैं। यह समझना ज़रूरी है कि कम पढ़ी-लिखी होने से उनके विवेक में कोई कमी नहीं होती है। बेयरफुट कॉलेज ने ग्रामीण राजस्थान के लिए अद्भुत काम किया है, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं के लिए।” 


शिल्पग्राम में तिलोनिया की रंग-बिरंगी छँटा जयपुरवासियों को बहुत पसंद आई और कपड़ों के सिवा लकड़ी के खिलौने, बेलतोता और दूसरी हस्तशिल्प की वस्तुओं की भी लोग ख़रीदारी करते हुए नज़र आए। प्रदर्शनी के प्रवेश द्वार पर तिलोनिया की प्रसिद्ध कठपुतलियों के प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया। 


आयोजन के सभी दिन प्रदर्शनी और बज़ार लगे रहेंगे। दूसरे दिन 22 तारीख़ को शाम 6.30 बजे मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत और शिक्षा मंत्री श्री बी डी कल्ला के आतिथ्य में फड़ चित्रकला और गानों के माध्यम से बेयरफुट कॉलेज का सफ़र साझा किया जाएगा।


रामकरण, (विकास समन्वयक, SWRC),  सरिता, (परामर्श दाता SWRC), नोशीन (डिज़ाइनर हथेली), लक्ष्मण सिंह, (उपयुक्त तकनीकी समन्वयक, swrc ), रामनिवास (समन्वयक कम्न्युकेशन, swrc )


Comments