दिगम्बर जैन मंदिरों में गूंजे भगवान शान्तिनाथ के जयकारे

💥225 से अधिक मंदिरों में मनाया सोलहवें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ के जन्म तप व मोक्ष कल्याणक दिवस

💥प्रताप नगर सेक्टर 8 में उपाध्याय उर्जयन्त सागर जी महाराज व वैराग्य सागर जी महाराज के सानिध्य में श्रीजी को चढाया निर्वाण लाडू 

बिंदास बोल @ जयपुर : विश्व शांति प्रदायक जैन धर्म के सोलहवें तीर्थंकर भगवान शांतिनाथ के तीन कल्याणक - जन्म, तप एवं मोक्ष कल्याणक रविवार, 29 मई को जैन श्रद्धालुओ ने भक्ति भाव से मनाया । इस मौके पर गुलाबी नगरी के करीब 225 से भी अधिक दिगम्बर जैन मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना, शान्ती विधान व श्रीजी को मोक्ष का प्रतीक निर्वाण लाडू चढाया गया। राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन 'कोटखावदा' ने बताया कि प्रातः शांतिनाथ भगवान के जलाभिषेक व पंचामृत अभिषेक किये गये। विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए मंत्रोच्चार के साथ श्रीजी की शांतिधारा की गई। अष्टद्रव्य से पूजा करते हुए पूजा के दौरान जन्म, तप कल्याणक के अर्घ्य चढाये गये। इसके बाद निर्वाणोत्सव मनाया गया जिसमें निर्वाण काण्ड भाषा के वाचन पश्चात मोक्ष कल्याणक का श्लोक ''असित चौदश जेठ हनें अरी। गिरीसमेदथकी शिवतिय वरी। सकल इन्द्र जजैं तित आइकैं, हम जजैं इत मस्तक नाइकैं।।'' का उच्चारण करते हुए अर्घ्य एवं निर्वाण लाडू चढाया।भगवान शांतिनाथ की महाआरती के बाद समापन हुआ। कई मंदिरों में मण्डल पर संगीतमय श्री 1008 शांतिनाथ पूजा विधान किये गये।

💥प्रताप नगर सेक्टर 8 में महाराज जी के सानिध्य मे हुई शान्तिधारा व निर्वाण उत्सव

श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सेक्टर 8 प्रताप नगर में उपाध्याय उर्जयन्त सागर जी महाराज व वैराग्य सागर जी महाराज के सानिध्य में शांतिनाथ भगवान के जयकारो की गूँज के बीच भगवान श्री शांतिनाथ का जन्म तप व मोक्ष कल्याणक दिवस भक्तिभाव से मनाया गया। महाराज जी के सानिध्य में श्रीजी की शान्तिधारा, महाअभिषेक व विशेष पूजन कर  निर्वाण लड्डु चढ़ाया गया।

साथ ही संगीतमयी शान्तिविधान का भी आयोजन हुआ। जिसमें स्थानीय जैन श्रद्धालुओ ने भगवान शांतिनाथ जी के जयकारो के साथ मंदिर जी को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर समिति के समन्वयक जिनेन्द्र जैन (जीतू), अध्यक्ष रमेश जैन, मंत्री महेश सेठी, उपाध्यक्ष दुर्गालाल जैन व कोषाध्यक्ष मनीष जैन सहित कई समाजश्रेष्ठी मौजूद थे।

💥इसके अलावा दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र शांतिनाथ जी की खोह में कमल-मंजू वैद के नेतृत्व में निर्वाण लाडू चढाया गया। तारों की कूट पर सूर्य नगर के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में अध्यक्ष ईजी. नवीन जैन एवं मंत्री धनेश सेठी के नेतृत्व में निर्वाणोत्सव मनाया गया। नीचे की वेदी के समक्ष ब्रहम्चारी चीकू भैय्या के निर्देशन में मण्डल पर संगीतमय श्री 1008 शांतिनाथ पूजा विधान किया गया। आगरा रोड पर श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, सांगानेर के  दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर संघीजी, झोटवाड़ा के पटेलनगर स्थित श्री चन्द्र प्रभू दिगम्बर जैन मंदिर, लालकोठी के श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, मनिहारो का रास्ता स्थित श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सहित कई मंदिरों में विशेष आयोजन हुए।

💥आचार्यो, उपाध्याओ व गणिनी आर्यिकाओ के सानिध्य में हुई शान्तिधारा

शहर में विराजमान आचार्य विवेक सागर महाराज, उपाध्याय उर्जयन्त सागर महाराज, वैराग्य सागर महाराज, गणिनी आर्यिका भरतेश्वरमति माताजी, गौरवमति माताजी, स्वस्तिभूषण माताजी, नन्दीश्वरमति माताजी, विजयमति माताजी, सौम्यनन्दिनी माताजी ससंघ के सानिध्य में जैन मंदिरो मे भगवान शांतिनाथ के जन्म तप मोक्ष कल्याणक पर शान्तिधारा, विशेष पूजा अर्चना कर निर्वाण लाडू चढाया गया।

Comments