

एडीशनल डीसीपी सुनीता मीना ने नए पुलिस महानिदेशक राजस्थान को बताया कि निर्भया स्क्वाड की 200 महिला पुलिसकर्मियों ने लगातार पेट्रोलिंग करके व सादा वर्दी में डेकोई ऑपरेशन करके अब तक 9000 से अधिक मनचलों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। 5,00,000 महिलाओं को महिला सुरक्षा कानून की जानकारी देकर उनके बीच अपनी सकारात्मक जगह बनाई है। साथ ही 4,000 गर्भवती महिलाओं का सर्वे करके उन्हें मदद पहुंचाई है। 24,000 एकल बुजुर्गों का सर्वे करके संबल योजना के तहत उन्हें मदद प्रदान की हैं। 1,40,000 बालिकाओं व महिलाओं को अब तक आत्मरक्षा के गुर सिखा चुकी हैं। यह निर्भया स्क्वाड पुलिस टीम रोजाना सुबह 7:00 से रात्रि 9:00 बजे तक लगातार पेट्रोलिंग करती हैं। साथ ही अपने बीट क्षेत्र में सुरक्षा सखियो की टीम के साथ महिलाओ को पुलिस हेल्पलाइन नम्बर 100, 112 व 1090 की जानकारी भी दे रही है। इस मौके पर डीजीपी उमेश मिश्रा ने निर्भया स्क्वाड टीम के कार्यो की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह मनचलो के विरुद्ध राजस्थान में बहुत बेहतरीन काम कर रही है। साथ ही बालिकाओं को निशुल्क आत्मरक्षा के गुर भी सिखा रही है। इसके लिये उन्होने निर्भया टीम का हौसला बढ़ाते हुए टीम को शाबासी भी दी।
Comments