महिला चिकित्सकों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर 


बिंदास बोल @ जयपुर : पुलिस कमिशनरेट जयपुर के महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षकों ने जेएलएन मार्ग स्थित फोर्टिस एस्काॅर्ट्स हाॅस्पिटल की महिला चिकित्सकों व नर्सिंगकर्मियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाये। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय मनोज कुमार ने उपस्थित महिला चिकित्सकों व महिला नर्सिंग कर्मियों को कमिशनरेट द्वारा शुरू किये गये महिला शक्ति आत्मरक्षा केन्द्र के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी और कहा कि आप इस आत्मरक्षा प्रशिक्षण के बारे में अपने परिचितों एवं पडौसियों को भी जानकारी दें जिससे वे भी प्रशिक्षण के द्वारा आत्मरक्षा के गुर सीख सके।



उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को घर से बाहर निकलते ही और  कार्यस्थल पर कई बार विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। आत्मरक्षा के गुर सीखने के पश्चात् महिलाए किसी भी परिस्थिति का डरकर मुकाबला कर सकती है। हमारा प्रयास है कि महिलाऐं सशक्त बनें व आत्म- विशवास से परिपूर्ण हो। महिलाऐं अपनी किसी भी समस्या के समाधान के लिए पुलिस कंट्रोलरूम के 100,112 पर सूचित कर सकती है। इसमें सूचना देने वाली महिला का नाम व पहचान गुप्त रखी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुनीता मीणा ने प्रशिक्षण ले रही महिला चिकित्सकों व महिला नर्सिंगकर्मियों का डेमो के दौरान उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिला चिकित्सकों व नर्सिंग कर्मियों को कहा कि वे आत्मरक्षा के ट्रिक्स के माध्यम से आकस्मिक रूप से अपना बचाव कर सकती है। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी।


इस मौके पर फोर्टिस एस्काॅर्ट्स हाॅस्पिटल के जोनल डाॅयरेक्टर नीरव बंसल, पुलिस निरीक्षक ममता शार्दूल सहित महिला चिकित्सक एवं महिला नर्सिंगकर्मी उपस्थित थी।


Comments